Tuesday, November 10, 2026

सत्यबोध सतसई: गुरु महिमा पर आधारित एक प्रबंध रचना

भूमिका

सत्यबोध सतसई: गुरु महिमा पर आधारित एक प्रबंध रचना 
रचनाकार : श्री गजानन द. पात्रे 
भूमिका लेखक : डॉ. अनिल कुमार भतपहरी

*1. सतसई की परिपाटी*

भारतीय वाङ्मय में लेखन की एक सुदीर्घ परिपाटी रही है। विशेषतः रीतिकाल में बिहारी सतसई का प्रादुर्भाव हुआ। दोहा छंद में बात कहना एक अद्भुत अभिव्यक्ति-क्षमता का परिचय है। बिहारी के दोहों के लिए कहा गया —

> *सतसैया के दोहरे, ज्यों नावक के तीर।*
> *देखन में छोटे लगैं, घाव करैं गंभीर॥*

दोहे की दो पंक्तियाँ देखने में छोटी लगती हैं, पर उनका घाव गहरा होता है। एक शब्द, एक अक्षर भी इधर-उधर हो जाए तो अर्थ का अनर्थ हो सकता है। जैसे कंगन में नग जड़ा जाता है — यदि वह नग जरा-सा भी तिरछा हो जाए तो आभूषण का सौंदर्य बाधित हो जाता है। ठीक वैसे ही दोहे में अक्षरों के इधर-उधर हो जाने से उसका सौंदर्य बाधित हो जाता है। इसीलिए यह अत्यंत सावधानीयुक्त साहित्य है।

*2. आधुनिक समय में छंद का पुनर्जागरण*

आधुनिक समय में छत्तीसगढ़ी साहित्य में इस परिपाटी को लेकर श्री अरुण निगम जी का छंद-विषयक कार्य प्रकाशित हुआ। फिर उन्होंने ऑनलाइन छंद-विधान सिखाने का उद्यम किया। अधिकांश रचनाकार उनसे जुड़े। इसी अनुक्रम में भाई गजानन सतबोध जी भी जुड़े और वे भी छंदबद्ध रचनाएँ लिखने लगे। सतसई लिखने की प्रेरणा संभवतः उन्हें बिहारी की सतसई से ही मिली होगी। और इस तरह उन्होंने अपनी सतसई का प्राणायाम आरंभ किया।

आज कविता स्वच्छंद हो चुकी है, नए शिल्प और नए प्रतिमान रचे जा रहे हैं। इसके बावजूद हमारे साहित्यकार उस प्राचीन शिल्प को लेकर लिख रहे हैं — यह सराहनीय है कि हमने परंपरा को निभाया है, चाहे वह दिनचर्या में हो, चाहे वह सृजन में हो।

*3. गुरु-वंदना से आरंभ*

पात्रे जी अपनी सतसई का आरंभ गुरु-वंदना से करते हैं —

> *गुरु पग वंदन मैंय करौं, दुनों हाथ ला जोर।*
> *अर्पन हे श्रद्धा सुमन, करव सुखद दिन मोर॥01*

> *गावँव गुरु गुनगान ला, रोज सुबे अउ शाम।*
> *गुरु किरपा ले हे मिले, मोला जग मा नाम॥02*

> *गुरु के पावन पाँव मा, रोज नवावँव माथ।*
> *देवत शुभ आशीष ला, थामे रखहू हाथ॥04*

यहाँ गुरु केवल व्यक्ति नहीं, जीवन की दिशा हैं।

*4. गुरु ही छाँव, गुरु ही दीप*

पात्रे जी के दोहों में गुरु बरगद-पीपल की छाँव हैं, ज्ञान का दीप हैं, सागर का सीप हैं —

> *बरगद पीपर पेड़ कस, गुरु हा देथे छाँव।*
> *अंतस ला शीतल करै, गुरु के पावन पाँव॥08*

> *दीया बन गुरु ज्ञान के, अंतस करय अँजोर।*
> *जिनगी मा गुरु के बिना, नइ होवय सुख भोर॥11*

> *माटी कस हे देह ये, गुरु हा आय कुम्हार।*
> *चुपके-चुपके ठोक के, देवय रूप सँवार॥149*

कुम्हार माटी को ठोक-ठोककर घड़ा बनाता है, वैसे ही गुरु शिष्य को गढ़ता है। यही इस सतसई का केंद्रीय बिम्ब है।

*5. गुरु-महिमा में ही नीति और जीवन-बोध*

इस सतसई में नीति अलग से उपदेश नहीं देती, वह गुरु-महिमा में घुलकर आती है —

> *गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु हे, गुरु हा देव महेश।*
> *जेकर मन मा गुरु बसे, दूर होय सब क्लेश॥158*

> *गुरु गोविंद ले हे बड़े, खुद गोविंद बताया।*
> *जेखर पथ आलोक ले, दूर तिमिर हो जाय॥174*

> *पत्थर ला कंचन करय, गुरु बन ज्ञान अधार।*
> *मूरुख ला पंडित करय, महिमा अपरम्पार॥175*

> *गुरु पारस सम तुल्य हे, चेला लौह समान।*
> *छूवत ही कंचन करय, मेटय गरब गुमान॥194*

पारस पत्थर लोहे को छूकर सोना कर देता है — गुरु का स्पर्श भी शिष्य को ऐसा ही बना देता है। यही नीति है, यही जीवन-बोध है।

*6. छत्तीसगढ़ की माटी और बोली*

पात्रे जी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी भाषा है। वे ठेठ छत्तीसगढ़ी में लिखते हैं — ‘मोला’, ‘जिनगी’, ‘अंतस’, ‘सुबे अउ शाम’ — ये शब्द केवल बोली नहीं, छत्तीसगढ़ के रहन-सहन, खान-पान, आचार-विचार और संस्कृति की गंध लेकर आते हैं। दो पंक्तियों में पूरी संस्कृति बाँध देना — यही दोहा-कला है। उर्दू में जिसे शेर कहते हैं, छत्तीसगढ़ी में वही दोहा है — कम शब्दों में सारगर्भित बात कहने की कला।

*7. समापन*

भाई गजानन पात्रे जी ने 700 से अधिक दोहों में गुरु को ही ब्रह्मा, विष्णु, महेश, गंगा, सागर, दीप, कुम्हार और पारस बनाकर रख दिया है। यह सतसई केवल गुरु-स्तुति नहीं, एक साधक की साधना है।

इसलिए वे बधाई के पात्र हैं। साहित्य जगत में इस सतसई का स्वागत है।

*— डॉ. अनिल कुमार भतपहरी*
प्राध्यापक , वीरांगना रमोतीन माड़िया शा आदर्श महिला महाविद्यालय नारायणपुर छत्तीसगढ़

No comments:

Post a Comment